बरेली। शहर के डीडीपुरम मे बुधवार की रात कबाब कारीगर को गोली मारने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शहर के किला निवासी सर्राफ मयंक रस्तोगी और उसके दोस्त ने वारदात को अंजाम दिया था। घटना मे इस्तेमाल की गई कार को भी एसओजी ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दिल्ली की ओर भागने के दौरान गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि शहर के एकतानगर निवासी अंकुर सबरवाल बीडीए दफ्तर के पास पंजाबी कबाब कॉर्नर नाम से स्टॉल लगाते है। जो थाना प्रेमनगर क्षेत्र में आता है। उन्होंने बताया कि रात साढ़े दस बजे इनोवा कार से दो लोग आए थे। चिकन रोल का ऑर्डर दिया। उनके कर्मचारी नसीर ने कार में बैठे लोगों को रोल दिए। थोड़ी देर बाद दोनों ग्राहक चिकल रोल का स्वाद खराब बताकर गालियां देने लगे। उन्होंने नसीर को बुलाया। बहस करने लगे तो नसीर दोबारा काउंटर की ओर भागा। इसी दौरान कार मे से निकले एक युवक ने तमंचे से नसीर के सिर मे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान किला क्षेत्र के बमनपुरी निवासी मयंक रस्तोगी उर्फ गोल्डन बाबा के तौर पर हुई। उसके साथ उसका साथी भी था। पुलिस ने गुरुवार को मयंक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त हथियार अभी बरामद नही हुआ है। इसकी बरामदगी के लिए पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
