आंवला मे विपक्ष पर जमकर बरसे सीएम योगी, बिन पानी मछली जैसे तड़प रही सपा-कांग्रेस

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आंवला विधानसभा क्षेत्र के सुभाष इंटर कॉलेज में भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप के समर्थन मे जनसभा की। मुख्यमंत्री ने सपा, कांग्रेस, बसपा पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यह लोग आपको बांटने की कोशिश करेंगे लेकिन, आपको इनसे सतर्क रहना है भटकाव नहीं लाना है। सीएम ने इस सीट से सांसद व भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप को पुनः दिल्ली में भेजने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे दस वर्ष में बदले भारत की तस्वीर रखी तो विपक्षियों के इंडी गठबंधन पर भी करारा प्रहार किया। सीएम ने कहा कि सत्ता से वंचित होने के बाद सपा-कांग्रेस, बसपा के लोग ऐसे तड़प रहे हैं, जैसे बिन पानी मछली तड़पती है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस को 60-65 वर्ष, सपा-बसपा ने प्रदेश में तीन से चार बार शासन किया, फिर भी इन्होंने समस्याएं पैदा कीं। हम पूछना चाहते हैं कि देश के सामने पहचान, सुरक्षा का संकट पैदा करने वाले कौन है। देश को विकास से वंचित करने, भूखमरी से हुई मौतों का दोषी कौन, अन्नदाता किसानों की मौत का जिम्मेदार कौन, सपा-बसपा व कांग्रेस सरकार में तुष्टिकरण की घातक नीति के कारण हुए दंगे, निर्दोषों की मौत और व्यापारियों के नुकसान का दोषी कौन, भ्रष्टाचार के कारण भारत के बाधित विकास का दोषी कौन, बेरोजगारी के कारण 2014 के पहले पलायन करने वाले नौजवानों के जीवन से खिलवाड़ करने का दोषी कौन, बिजली-पानी से जनता को वंचित करने का दोषी कौन। इतने दशकों तक शासन करने के बाद भी कांग्रेस, सपा व बसपा ने आस्था से खिलवाड़ किया, इसका दोषी कौन है। सीएम ने कहा कि मुलायम सिंह की मौत पर हम लोग लखनऊ व सैफई गए थे लेकिन उप्र के विकास व रामजन्म भूमि के लिए कल्याण सिंह का जीवन समर्पित रहा। सपा के मुख से उनके लिए संवेदना के एक भी शब्द नहीं फूटे, लेकिन यह लोग माफिया के मरने पर फातिहा पढ़ने गए थे। ऐसे लोगों को सत्ता में आने का अधिकार नहीं है। सपा ने एक ही परिवार को टिकट बांट दिए। परिवार के बाहर उनकी सोच नही है। सहारा जाति का लेंगे, लेकिन घूम-फिर कर परिवार में ही आएंगे। सपा परिवार में महाभारत के सभी पात्र मिल जाएंगे। सीएम ने आह्वान किया कि मोदी ने देश को सुरक्षा व विकास का विजन दिया है। सुरक्षा की गारंटी केवल भाजपा ही दे सकती है। किसी के बहकावे में न आएं, जो देश के साथ है-आप उसके साथ रहें। देश, सुरक्षा व वोट आपका है तो सरकार भी आपकी होनी चाहिए। देश से बढ़कर कोई भी नहीं है। देशहित में ही हमारा हित है, इसलिए पहला काम मतदान। देशहित के विकास, सुरक्षा, सनातन आस्था का सम्मान करने वाली सरकार चाहिए, जो केवल भाजपा ही देगी। उन्होंने अपील की कि हमें राष्ट्रवादी मिशन के साथ आगे बढ़ते हुए मोदी जी को तीसरा कार्यकाल देना है। इस अवसर पर आंवला से विधायक और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक श्याम बिहारी लाल, राघवेंद्र शर्मा, राजीव सिंह, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य आदि मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।