आंवला मे नाले में बहा युवक तलाश में जुटी पुलिस व पालिका की टीमे

आंवला, बरेली। आंवला-भमोरा मार्ग पर स्थित पुरैना धाम मंदिर के समीप सोमवार देर शाम करीब 7:30 बजे एक बड़ा हादसा होने की चर्चा है। तेज बारिश के दौरान एक व्यक्ति के अनियंत्रित होकर गहरे नाले में गिरने और बह जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और नगर पालिका कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय दो युवकों के अनुसार शाम को हुई भारी बरसात से बचने के लिए पुरैना धाम मंदिर के पास खोखा चलाने वाले एक व्यक्ति अपने खोखे की तरफ आ रहे थे। नाले के ऊपर बने स्लैब से गुजरते समय अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वे सीधे उफनते नाले में जा गिरे और पानी के तेज बहाव में बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका चेयरमैन सैयद आबिद अली, अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरि तथा जेई प्रमोद कुमार नगर पालिका कर्मियों व जेसीबी के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक स्तर से उपजिलाधिकारी सुशील कुमार मिश्रा तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बीनू चौधरी भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। चेयरमैन सैयद आबिद अली ने बताया कि बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव तेज है। पालिका और पुलिस की संयुक्त टीमें जेसीबी की मदद से नाले के आसपास तलाश अभियान चला रही हैं। देर रात तक लापता व्यक्ति का सुराग लगाने के प्रयास जारी थे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *