भुता, बरेली। जनपद के थाना भुता क्षेत्र मे प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी और हिंदुओं को राशन न देने की धमकी देने वाले कोटेदार के बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वही पूर्ति विभाग ने कार्रवाई करते हुए सरकारी राशन की दुकान सील कर खाद्यान्न जब्त कर लिया। थाना क्षेत्र के गांव केसरपुर निवासी भगवत शरण ने बताया कि वह सरकारी राशन लेने के लिए कोटेदार बाबू बक्श की दुकान पर अंगूठा लगाने पहुंचे थे। आरोप है कि कोटेदार ने अंगूठा लगाने से इनकार कर दिया। जब उन्होंने पास में मौजूद उसके 22 वर्षीय बेटे आदिल से शिकायत की तो वह भड़क गया। आदिल ने प्रधानमंत्री सहित कई नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कहा कि उसके पिता ने कई हिंदुओं के अंगूठे नहीं लगवाए हैं और आगे भी वह हिंदुओं का अंगूठा नही लगवाएगा। विरोध करने पर आदिल और नईम ने उनके साथ मारपीट भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। भुता थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता ने लिखित तहरीर नही दी थी लेकिन वायरल वीडियो की जांच कराई गई। जांच में वीडियो की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के अनुसार वीडियो में प्रधानमंत्री के संबंध में अभद्र टिप्पणी, धमकी पूर्ण बातें और राशन वितरण में अनियमितता से जुड़े बयान सामने आए, जिससे लोगों में आक्रोश था। मामले की जानकारी मिलने पर जिला पूर्ति विभाग की टीम गांव पहुंची और सरकारी राशन की दुकान को सील कर खाद्यान्न जब्त कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी आदिल अंसारी को मटकापुर नहर के पास भगनापुर गांव के निकट ट्यूबवेल की कोठरी के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।।
बरेली से कपिल यादव
