फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र मे शुक्रवार की दोपहर खेतों की ओर जाते समय 65 वर्षीय बुजुर्ग बहगुल नदी पार करते हुए गहरे पानी मे डूब गए। सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गई। देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिलने पर एनडीआरएफ और पीएसी के गोताखोरों को बुलाकर संयुक्त सर्च अभियान शुरू कराया गया। थाना क्षेत्र के ग्राम ढकनी रजपुरी निवासी 65 वर्षीय मोहम्मद साबिर अली पुत्र मोहम्मद सद्दीक शुक्रवार करीब 12 बजे अपने खेतों की ओर जा रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक नदी पार करने के लिए उन्होंने एक जानवर की पूंछ पकड़कर तैरने का प्रयास किया। इसी दौरान बीच धारा मे तेज बहाव के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गए। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए और अपने स्तर पर काफी देर तक खोजबीन की। हालांकि बहगुल नदी में मगरमच्छ होने की चर्चाओं के चलते कोई भी व्यक्ति गहरे पानी मे उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। इसी वजह से शुरुआती राहत कार्य भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही फरीदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया। हालात की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और पीएसी की गोताखोर टीमों को बुलाया गया। दोनों टीमों ने नदी के कई हिस्सों में घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक बुजुर्ग का कोई पता नहीं चल सका। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एनडीआरएफ और पीएसी की मदद से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
