कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सीसी कैमरों व ड्रोन से की जाएगी निगरानी

बरेली। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में कानून-व्यवस्था एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक हुई। कांवड़ मार्गों की तैयारियों, सुरक्षा, यातायात, सफाई, बिजली, स्वास्थ्य व श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस बार भी सीसी कैमरों व ड्रोन से यात्रा की निगरानी की जाएगी। डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बदायूं मार्ग सहित सभी कांवड़ मार्गों पर कहीं भी गड्डे, जलभराव, कंकड़ या अन्य अवरोध न रहें। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती कर झाड़ियों की कटाई, नालों की सफाई करने के साथ ही मार्गों को पूरी तरह व्यवस्थित कराया जाए। मार्गों पर संकेतक बोर्ड लगाए जाए। आवश्यक स्थानों पर रूट डायवर्जन किया जाए तथा अनावश्यक कट बंद कराए जाएं। जिलाधिकारी ने बताया कि वह स्वयं रविवार को विभिन्न कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। बैठक में विद्युत विभाग को लटकते तार दुरुस्त करने, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग पूरी करने व सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यहां सीडीओ देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एडीएम न्यायिक देशदीपक सिंह, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह आदि मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *