बरेली। स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को जिले के 81 केंद्रों पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में 3400 से अधिक मरीजों का पंजीकरण कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया। सबसे अधिक मरीज बुखार, पेट दर्द, सिरदर्द, बदहजमी तथा उल्टी-दस्त जैसी समस्याओं के साथ पहुंचे। बुखार से पीड़ित मरीजों की मौके पर मलेरिया की जांच भी कराई गई, ताकि समय रहते बीमारी की पहचान कर उपचार शुरू किया जा सके। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के साथ खानपान और स्वच्छता संबंधी सलाह भी दी। मेले में पहुंचे लोगों को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के बारे में जागरूक करते हुए मच्छरों से बचाव, साफ-सफाई बनाए रखने, दूषित पानी से बचने और बुखार होने पर तुरंत जांच कराने की अपील की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कई स्वास्थ्य केंद्रों पर मेले का निरीक्षण किया।।
बरेली से कपिल यादव
