बरेली/मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी। तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी का खनन जोरों पर चल रहा है। सब कुछ पुलिस व प्रशासन के नाक के नीचे हो रहा है, लेकिन प्रशासनिक अमला शांत बैठा हुआ है। पूरे तहसील क्षेत्र में जेसीबी व ट्रैक्टर लगाकर खनन माफिया शासन के दिशा निर्देशो की धज्जियां उड़ा रहे है। कार्रवाई न होने से खनन माफियाओं के हौसले बुलंदी पर है। शासन ने पूरे प्रदेश मे अवैध रुप से हो रहे खनन पर रोक लगाई हुई है। खनन के लिए शासन से आवश्यक दिशा निर्देश भी प्रशासनिक अमले को दी गई है। इसके बाद भी मीरगंज तहसील क्षेत्र मे पुलिस व तहसील प्रशासन की अनदेखी व मिली भगत के चलते मिट्टी खनन का कार्य बे रोक-टोक चल रहा है। इसके अलावा फतेहगंज पश्चिमी मे भी मिट्टी खनन का कार्य बेरोकटोक चल रहा है। फतेहगंज पश्चिमी के गांव सतुईया पट्टी के कुछ माफिया बहगुल नदी के नीचे से मिट्टी भरकर विक्रय कर रहे है। खनन माफिया खुलेआम जेसीबी से ट्रैक्टर-ट्राली पर मिट्टी लाद कर क्रय विक्रय कर रहे है। क्षेत्र के कई लोगों ने इस बाबत तहसील व पुलिस प्रशासन से शिकायत भी किया लेकिन खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई न होने से उनके हौसले बुलंद है। अवैध रूप से खनन के बाद लदी मिट्टियां लेकर रोड पर चलने वाले ट्रैक्टर चालकों की रफ्तार इतनी तेज होती है कि अक्सर हादसे भी होते है। इसके बाद भी इन अवैध खनन करने वालो के खिलाफ कोई कार्रवाई नही हो रही है।।
बरेली से कपिल यादव