भोजीपुरा, खजुरिया घाट में दो भवन किए गए सील, हो रहा था निर्माण

बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की प्रवर्तन टीम ने मंगलवार को इज्जतनगर और भोजीपुरा थाना क्षेत्र में बिना अनुमति कराए जा रहे दो व्यावसायिक निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने दोनों निर्माणों को सील कर दिया। सीलिंग की कार्रवाई के बाद कॉलोनाइजरों में हड़कंप मचा हुआ है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के खजुरिया घाट पीलीभीत बाईपास बेरियर नंबर-2 पर अमजद खान द्वारा करीब 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा था। जांच के दौरान निर्माण के लिए प्राधिकरण से स्वीकृति नहीं मिली। इस पर प्रवर्तन टीम ने निर्माण को सील कर दिया। इसी तरह भोजीपुरा थाना क्षेत्र के सैदपुर चुन्नी लाल बड़ा बाईपास पर मो. रफी द्वारा करीब 120 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यावसायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण की अनुमति के बिना निर्माण मिलने पर यहां भी सीलबंदी की कार्रवाई की गई। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि दोनों स्थानों पर बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के निर्माण कराया जा रहा था। इसके खिलाफ उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि बरेली विकास क्षेत्र में बिना अनुमति कराए गए अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ सीलबंदी और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस मामले में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *