बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। दशहरा और नवरात्रि को लेकर मंगलवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक मे पुलिस-प्रशासन ने लोगों से त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्वक मनाने की अपील की। अधिकारियों ने अफवाहों पर ध्यान न देने और मेले में किसी तरह की फूहड़ता नही करने की हिदायत दी। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दे। उन्होंने कहा कि मेले में किसी भी तरह की फूहड़ता बर्दाश्त नही की जाएगी। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। मेले की सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक के बाद सीओ हाईवे और थाना प्रभारी प्रवीन कुमार, चौकी प्रभारी आदेश कुमार ने मेला समिति के पदाधिकारियों के साथ रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान मेले मे आने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। बैठक मे मेला समिति अध्यक्ष ओवेन्द्र चौहान, संजय चौहान, प्रेम प्रकाश गर्ग, मेला मंत्री महिपाल सिंह, सुनील पांडे, गंगाराम यादव, चक्रवीर सिंह चौहान, सुरेश गुप्ता समेत समिति के सदस्य मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
