राजस्थान/बाड़मेर – लंबे समय से लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग और बार-बार बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे पचपदरा एवं पाटोदी क्षेत्र के लोगों को अब बड़ी राहत मिलने लगी है। जोधपुर डिस्कॉम द्वारा पिछले एक माह में युद्ध स्तर पर विद्युत सुधार कार्य कर क्षेत्र में सात नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही जर्जर पोल बदले गए, नई केबलें बिछाई गईं तथा बिजली वितरण व्यवस्था में तकनीकी सुधार किए गए हैं। विधायक डॉ. अरुण चौधरी की अनुशंसा पर जोधपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता लतीश कुमार के निर्देशन में पचपदरा के सहायक अभियंता भगवानाराम एवं कनिष्ठ अभियंता दुर्गाराम चौधरी ने सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर निर्धारित समय में पूरा कराया। इस दौरान पचपदरा मंडल अध्यक्ष राकेश चोपड़ा का भी विशेष सहयोग रहा।
पचपदरा सहायक अभियंता भगवाना राम ने बताया कि विभाग ने चारणों का चौक में 160 केवीए, गोर का चौक एवं भगवती आश्रम क्षेत्र में 100 केवीए, बस स्टैंड के सामने 100 केवीए, कसाइयों का वास में 63 केवीए, पचपदरा ग्राम पंचायत के समीप नाड़ी के पास 100 केवीए, पाटोदी ग्राम पंचायत के पास 160 केवीए तथा निवाई स्थित मालयों की ढाणी में 40 केवीए क्षमता के नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए हैं। इन ट्रांसफार्मरों के चालू होने से ओवरलोडिंग कम होने के साथ विद्युत आपूर्ति में सुधार आया है। इसके अलावा पचपदरा शहर की बिजली आपूर्ति को दो जोन में विभाजित किया गया है, जिससे अब किसी एक क्षेत्र में मरम्मत या रखरखाव कार्य होने पर पूरे शहर की बिजली बंद नहीं करनी पड़ेगी। विभाग ने शहर में करीब 20 से 25 जर्जर विद्युत पोल भी बदल दिए हैं। वहीं विभिन्न स्थानों पर पुरानी लाइनों के स्थान पर नई केबलें बिछाकर तकनीकी खराबियों को कम करने का प्रयास किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में बिजली आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक सुचारु हुई है तथा लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या में भी कमी आई है। लोगों ने विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए विधायक डॉ. अरुण चौधरी, जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
— राजस्थान से राजूचारण
