बरेली। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइ-वज्र के चौथे दिन बरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों और एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग (एनसीआरपी) पोर्टल पर पहले से 24 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने बैंक खातों में साइबर ठगी से प्राप्त रकम मंगवाकर विभिन्न माध्यमों से निकाल लेते थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खातों में महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में हुई साइबर ठगी से जुड़े करीब 2.54 लाख रुपये से अधिक का संदिग्ध लेनदेन हुआ। ठग फ्रेंचाइजी दिलाने, नौकरी लगवाने, मसाले और ड्राई फ्रूट के थोक कारोबार में ऑर्डर दिलाने जैसे झांसे देकर लोगों से रुपये ऐंठते थे। पुलिस की जांच में पता चला कि साइबर क्राइम थाने से गिरफ्तार अंकुर अग्रवाल के खिलाफ अकेले एनसीआरपी पोर्टल पर 17 शिकायतें दर्ज हैं। मीरगंज और हाफिजगंज से पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ तीन-तीन शिकायतें दर्ज हैं। मीरगंज के आरोपी पर सीबीगंज और बिशारतगंज थाने में पहले से दो अन्य साइबर मुकदमे भी दर्ज है। साइबर क्राइम थाने से इज्जतनगर में डेलापीर के अंकुर अग्रवाल, मीरगंज से रतनपुरी के अंकित गुप्ता, हाफिजगंज से नौआ नगला राजकुमार और भोजीपुरा से अभयपुर के छोटे खान को गिरफ्तार किया गया। वहीं कैंट थाने में पहले दर्ज साइबर ठगी के मुकदमे में वांछित चल रहे नवाबगंज में गोहर नगला के आकाश गंगवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।।
बरेली से कपिल यादव
