बहन से रखा अश्लील प्रस्ताव तो तस्करी के आरोपी का कर लिया अपहरण, तीन गिरफ्तार

बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर क्षेत्र मे रविवार सुबह अफीम तस्करी के आरोपी का अपहरण करने वाले तीनों आरोपियों को सोमवार को जेल भेज दिया गया। इस दौरान सामने आया कि अपहृत व्यक्ति पर एक आरोपी की बहन के रुपये बकाया थे। जिन्हें मांगने पर वह उसे खुश करने की मांग कर रहा था। इसी वजह से उसने दोस्तों के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया। रविवार सुबह चिड़ियों को दाना डालने गए संजयनगर निवासी डालचंद का कार सवार तीन युवक कार से अपहरण कर ले गए थे। पुलिस पीछे लगी तो आरोपी डालचंद को अमरिया में छोड़कर फरार हो गए। इस मामले मे डालचंद के बेटे रवि ने थाना इज्जतनगर में पीलीभीत कोतवाली के गांव बकसपुर निवासी लक्ष्मण, अमरिया के गांव डिगारी निवासी लकी उर्फ भजनलाल, गोकुलधाम कॉलोनी का जानकी प्रसाद और दियोरिया के अंकित पर रिपोर्ट दर्ज कराई। देर रात पुलिस ने लक्ष्मण, लकी उर्फ भजनलाल और जानकी प्रसाद को कार समेत गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया। पूछताछ में सामने आया कि लक्ष्मण की बहन गेंदा के डालचंद पर कुछ रुपये बकाया थे। गेंदा ने रकम मांगी तो डालचंद मिलकर खुश करने को कहा। उसने इस बारे में लक्ष्मण को बताया तो उसने अपने ममेरे भाई लकी उर्फ भजनलाल से इस बारे में बात की। फिर उन्होंने अपहरण की योजना बनाई और डालचंद को कार में डालकर ले गए। कार मांगकर वारदात को दिया अंजाम: अपहरण की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार ट्रेस की तो वह नकटिया के नफीसुद्दीन के नाम पर पंजीकृत निकली। उनसे पूछताछ हुई तो पता चला कि उन्होंने डेढ़ साल पहले सेटेलाइट पर कार बाजार संचालक शेष कुमार को बेच दी है। शेष कुमार ने बताया कि उसने छह-सात महीने पहले कार जानकी प्रसाद को बेच दी है। जानकी प्रसाद ने खुद को घर पर बताया और कहा कि रात आठ अगस्त की रात उसका दोस्त लकी मांगकर ले गया है। मगर जब उसके मोबाइल की लोकेशन निकाली गई तो वह पीलीभीत के अमरिया क्षेत्र की निकली। इसके बाद पुलिस उनके पीछे लगी और रविवार देर रात तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि डालचंद का भी आपराधिक इतिहास है और अफीम तस्करी में उसका नाम सामने आ चुका है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *