जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण

बाड़मेर जिले की दस पंचायत समितियों में सरपंच एवं पंच के लिए बैलेट पेपर से मतदान

राजस्थान/बाड़मेर – जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने शनिवार को बाड़मेर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव के प्रथम चरण के तहत सरपंच एवं पंच पदों के लिए चल रहे मतदान के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के सख्त निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल ने बायतु क्षेत्र के संस्कृत विद्यालय बायतु स्टेशन, निबलकोट समेत कई मतदान केंद्रों का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा की तथा मतदान दलों में नियुक्त कार्मिकों से बैलेट पेपर से मतदान की प्रक्रिया, मतदाताओं की सुविधाओं और सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। उन्होंने कार्मिकों से पूछा कि मतदान केंद्रों पर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और महिलाओं के लिए क्या सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा कोई शिकायत तो नहीं हैl निरीक्षण के दौरान बायतु रिटर्निंग अधिकारी केशव मीणा सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से हो। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मतदान कर्मियों को मतदाताओं के साथ विनम्र व्यवहार करने और प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया।

गौरतलब है कि 24 अक्टूबर को बाड़मेर जिले की 10 पंचायत समितियों बायतु, आडेल, मांगता, गडरारोड, रामसर, चौहटन, लीलसर, धनाऊ, सेड़वा और फागलिया में सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान हुआ। जिले की 419 ग्राम पंचायतों में से प्रथम चरण में 60 सरपंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि शेष में बैलेट पेपर से मतदान हुआ। जिला प्रशासन की ओर से मतदान को सुचारू बनाने के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस जाब्ता तैनात करने के साथ व्यापक तैयारियां की गई।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *