फरीदपुर मे सपा, बसपा व कांग्रेस पर बरसे योगी, ये लोग बोलते थे कि राम थे ही नही, अब कहते है राम सबके है

बरेली। जनपद मे पांचवीं बार पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप के समर्थन में फरीदपुर के रामलीला मैदान पर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। राम मंदिर का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि जो कभी नही हुआ, वो अब हुआ है। रामलला का भव्य मंदिर बन गया है। अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग बना पाते क्या? ये लोग बोलते थे कि राम थे ही नहीं। जब राम मंदिर बन गया तो बोलते हैं राम सबके हैं। इन लोगों का दोहरा चरित्र है। चुनाव जब आएगा, तब आपके पास आएंगे। चुनाव के बाद पहचानेंगे भी नहीं नही। वह फिल्मी गाना है, मेरे अंगने में तुम्हारा क्या…, यही बोलेंगे। सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग झूठ बहुत बोलते है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले दुनिया में सम्मान नही था। आतंकवादी गतिविधियां बढ़ रही थी। बेटी-व्यापारी सुरक्षित नही थे। लोग भूख से मरते थे। किसान आत्महत्या करता था। आस्था के साथ खिलवाड़ होता था। कांग्रेस की सरकारें कहती थीं कि राम और कृष्ण हुए ही नहीं। समाजवादी पार्टी के लोग कहते थे जय श्रीराम बोलोगे तो अंदर बंद कर देंगे। 2014 के बाद भारत देखिए। दुनिया में सम्मान बढ़ा है। सीमाएं सुरक्षित हैं। आतंकवाद और नक्सलवाद पूरी तरह से समाप्त हुआ है। अब कहीं पटाखा भी फूटा है तो पाकिस्तान सबसे पहले सफाई देता है कि इसमें मेरा हाथ नहीं है। यह नया भारत है नया भारत छेड़ता नही है लेकिन कोई छेड़ता है तो छोड़ता भी है। सीएम योगी ने सरकार के कामों को गिनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने मेनिफेस्टो किस प्रकार का बनाया है। कहते हैं कि अगर कांग्रेस की नेतृत्व की सरकार बन गई, जिसको समाजवादी पार्टी का समर्थन हो तो अल्पसंख्यकों को खानपान की पूरी स्वतंत्रता देंगे। योगी ने पूछा कि ऐसा कौन सा खानपान है, जिसे बहुसंख्यक समाज नापसंद करता है वे पसंद करते हैं। एक ही है गोमाता। कांग्रेस और सपा-बसपा वालों को गोमाता को काटने की छूट देंगे क्या आप? क्या पाप करेंगे आप। उन्होंने कहा कि गोमाता की रक्षा के लिए हम अपनी जान भी दे देंगे, लेकिन उनका बाल भी बांका नहीं होने देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दे रहा है। पाकिस्तान में 23 से 24 करोड़ लोग भूख से मर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद की भट्ठी है, सुलगाई उसने है तो जलेगा भी वही। लेकिन कांग्रेस के लोगों की तारीफ पाकिस्तान के लोग कर रहे हैं। कांग्रेस के शहजादे की तारीफ करने के लिए कोई दूसरा नहीं मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के तीसरे चरण में आपको मतदान करना है। हर भारतवासी के लिए लोकतंत्र का पर्व गौरव का क्षण होता है। यह पर्व अपनी पसंद की सरकार चुनने का अधिकार देता है। अगर सरकार गलत काम करती है, तो उसे सत्ता से हटाने की ताकत जनता के पास है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले आपने सपा, बसपा और कांग्रेस को देखा है। नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को भी आपने देखा है। निर्णय आपको लेना है। इस दौरान विधायक डा. श्याम बिहारी लाल, सांसद धर्मेंद्र कश्यप, जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह समेत भाजपा के कई नेता थे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *