ठंड ने बुधवार को तोड़ा रिकॉर्ड, शिमला जैसी ठंडी, बेंगलुरू की फ्लाइट रही निरस्त

बरेली। पहाड़ों पर सामान्य से कम बर्फबारी के बावजूद मैदान रिकॉर्ड सर्दी में ठिठुर रहे है। बुधवार को दिन भर कोहरा छाया रहा। शीतलहर से लोगों की कंपकंपी छूटती रही। आगे भी दो दिन तक यही स्थिति बने रहने के आसार है। बुधवार को दो डिग्री गिरावट के बाद सामान्य से 11 डिग्री कम 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लखनऊ और हिमाचल प्रदेश के शिमला अधिकतम तापमान लगभग बराबर रहा। कोहरे के कारण बेंगलुरू-बरेली की फ्लाइट निरस्त रही। एयरलाइंस प्रतिनिधि के मुताबिक फ्लाइट बेंगलुरू से वाया मुंबई बरेली पहुंचती है लेकिन उत्तर भारत में घने कोहरे के प्रकोप के चलते फ्लाइट उड़ान नही भर सकी। दृश्यता 15 से 50 मीटर रही। न्यूनतम तापमान एक डिग्री गिरावट के बाद सामान्य से 6.6 डिग्री कम 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सुबह कोहरे के बीच लोग जागे। घर की छत, आंगन, सड़कें सभी शीत से तर रही। मौसम विभाग ने अभी दो दिन और शीत दिन का अलर्ट जारी किया है। बुधवार जनवरी का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल सर्दी से राहत मिलने के आसार नही है। निम्न वायुमंडल मे स्थिरता से दिन मे धूप निकलने की स्थिति नही बन सकी। लिहाजा, बेहद घना कोहरा छाया रहा। तापमान में गिरावट होने से सीवियर कोल्ड डे यानी शीत दिवस की स्थिति बनी रही। आगे भी दो दिन तक यही स्थिति जारी रहने का पूर्वानुमान है। इसके बाद हवा की दिशा बदलने के आसार हैं। हालांकि, शीतलहर का असर जारी रहेगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *