बरेली। माघ मास की कृष्ण पक्ष की द्वितीया के दिवस पुष्य नक्षत्र व प्रीति योग के संयोग में वीर निर्वाण शहर के जैन मंदिर बिहारीपुर में वेदी निर्माण और नवीन प्रतिमा प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ जैन धर्मावलंबियों ने किया। जैन समाज के मीडिया प्रभारी सौरभ जैन ने बताया कि बुधवार की प्रातः 8:26 से 9:57 के मध्य शुभ मुहूर्त में स्वर्ण शिला और रजत शिला के माध्यम से वेदी शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। उसके उपरांत वास्तु विधान किया गया। ट्रस्ट के उपमंत्री राजेश जैन व श्राविका सुमन जैन अरोड़ा ने बताया कि आगामी 25 जनवरी को मुनि श्री समत्व सागर के सानिध्य में जयपुर में हो रहे पंच कल्याणक से प्रतिष्ठित दस प्रतिमा जी का शुभ आगमन शहर मे होना है। मंत्री प्रकाश चंद्र जैन ने बताया कि आगामी 24 से 26 फरवरी के मध्य वेदी प्रतिष्ठा और अभिमंत्रित प्रतिमा जी को नवीन वेदी मे विराजित किया जाएगा। कानपुर के सुमित जैन शास्त्री के सानिध्य में संपन्न हुआ। वेदी निर्माण और प्रतिमा जी हेतु देश विदेश के जैन श्रद्धालुओं ने श्रद्धानवत हो दिल खोल के दान भेज पुण्यार्जन कर धर्म लाभ उठाया। आगामी 25 जनवरी को नवीन प्रतिष्ठित प्रतिमाओं के साथ शहर में रथ यात्रा निकाल कर मंदिर जी में शुभ आगमन होगा और अस्थाई वेदी में प्रतिमाओं को विराजित किया जाएगा। बाद मे खिचड़ी वितरण दान मंदिर परिसर के बाहर किया गया।।
बरेली से कपिल यादव