राजस्थान/बाड़मेर- उपखंड क्षेत्र धोरीमन्ना में जल जीवन मिशन जेजेएम के तहत नर्मदा नहर परियोजना आधारित एक दर्जन उच्च जलाशयों के लिए भूमि आवंटन की कार्रवाई की गई है। उपखंड अधिकारी बद्री नारायण विश्नोई ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन उच्च जलाशयों के लिए भूमि आवंटन के आदेश जारी किए। इससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ आमजन को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत उपखंड क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक उच्च जलाशय स्वीकृत थे। भूमि आवंटन नहीं होने के कारण इनका मामला पिछले तीन माह से लंबित चल रहा था। जलदाय विभाग के सहायक अभियंता एईएन परियोजना गुड़ामालानी दिनेश विश्नोई ने उच्च जलाशयों के निर्माण के लिए भूमि आवंटन की मांग रखी थी।
इस पर एसडीओ विश्नोई ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तहसीलदार धोरीमन्ना चंद्रप्रकाश शर्मा को भूमि आवंटन के प्रस्ताव तैयार करवाने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्राम रताणियों की ढाणी, श्रीराम नगर, भालीखाल सहित एक दर्जन उच्च जलाशयों के लिए भूमि आवंटन के आदेश जारी किए गए। उच्च जलाशयों के लिए भूमि आवंटन होने से अब इनके निर्माण की दिशा में आगे की कार्रवाई का रास्ता साफ होगा। जल जीवन मिशन के तहत इन जलाशयों के माध्यम से नर्मदा नहर का मीठा पानी पाइपलाइन नेटवर्क और घरेलू नल कनेक्शनों के जरिए लोगों के घरों तक पहुंचाया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने तथा लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
एसडीओ बद्रीनारायण विश्नोई ने धोरीमन्ना में पदस्थापन के बाद राजस्व एवं जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रियता दिखाई है। उनके द्वारा 291 से अधिक सरकारी स्थायी चालू रास्तों को राजस्व अभिलेखों में दर्ज करवाने सहित 100 से अधिक अन्य सरकारी आवंटन की कार्रवाई की जा चुकी है। लंबे समय से लंबित प्रकरणों में त्वरित निर्णय लेकर आमजन को राहत पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे इन कार्यों की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
— राजस्थान से राजूचारण
