बरेली। एसएसपी अनुराग आर्य ने मंगलवार को ऑनलाइन मीट में कानून व्यवस्था व त्योहारों से जुड़ी तैयारी की समीक्षा की। विस्फोटक सामग्री और मामलों की समीक्षा करते एसएसपी ने कहा कि जिले में विस्फोटक सामग्री के लाइसेंस, भंडारण और विक्रय से संबंधित प्रतिष्ठानों का सत्यापन किया जाए। अधिकारियों को सुरक्षा मानकों और लाइसेंस की शर्तों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। दस वर्षों में विस्फोटक अधिनियम के तहत पंजीकृत अभियोगों का विस्तृत सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अभियुक्तों और प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त करने को कहा गया। गोष्ठी में एएसपी, सीओ, मुख्य वित्तीय अधिकारी, सभी थाना प्रभारी, प्रभारी 112, निरीक्षक यातायात और रेडियो विभाग के अधिकारी शामिल हुए। एसएसपी ने जनसुनवाई को गंभीरता से लेने पर जोर दिया। उन्होंने शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जनसुनवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। नकबजनी और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। इसके लिए रात्रि गश्त, पिकेट ड्यूटी और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग बढ़ाने को कहा गया। पूर्व में हुई घटनाओं का विश्लेषण कर निरोधात्मक और अनावरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।।
बरेली से कपिल यादव
