भोजीपुरा, बरेली। जनपद के थाना भोजीपुरा क्षेत्र मे रामलीला मेला देखने गई किशोरी के साथ छेड़खानी के आरोप के बाद विवाद हो गया। किशोरी के परिजनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके पिता के साथ मारपीट कर दी। घटना के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे और थप्पड़ चले। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, भोजीपुरा क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय किशोरी शनिवार शाम रामलीला मेला देखने गई थी। आरोप है कि वहां तीन युवकों ने उसके साथ छेड़खानी की। किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी। इस पर उसके पिता आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे। वहां आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट की। बीच-बचाव के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ हाईवे देवेश सिंह के मुताबिक, मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस कार्रवाई कर रही है। घटना का वीडियो भी पुलिस के संज्ञान में है।।
बरेली से कपिल यादव
