बरेली। परिषदीय विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना में नवंबर से फरवरी माह के तीसरे सप्ताह तक बच्चों को प्रत्येक शुक्रवार को हलवा और उपमा वितरित किया जाएगा। यह व्यवस्था कुल 14 सप्ताह तक संचालित होगी। अवकाश होने की स्थिति में अगले कार्यदिवस पर वितरण किया जाएगा। बच्चों को मध्याह्न भोजन के अतिरिक्त मध्यावकाश में यह खाद्य सामग्री दी जाएगी। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार मीठा हलवा बनाने में प्रति छात्र 30 ग्राम सूजी का उपयोग होगा। घी, चीनी, पिसा नारियल और ईंधन सहित इसकी लागत सात रुपये निर्धारित की गई है। वहीं नमकीन हलवा यानी उपमा के लिए 30 ग्राम सूजी, तेल, मौसमी सब्जियां, मूंगफली, मसाले, नमक और ईंधन सहित चार रुपये प्रति छात्र खर्च निर्धारित है। बीएसए डॉ. विनीता ने बताया कि खाना तैयार करने और वितरण की जिम्मेदारी संभालने वाली रसोइयों को अतिरिक्त पारिश्रमिक भी मिलेगा। इसके लिए प्रति छात्र प्रति दिवस दो रुपये की दर तय की गई है। यह धनराशि सीधे रसोइयों के बैंक खातों में एसएनए स्पर्श प्रणाली के माध्यम से भेजी जाएगी। प्रधानाध्यापकों को निर्धारित दिवस पर व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।।
बरेली से कपिल यादव
