फरीदपुर, बरेली। जनता दर्शन मे डीएम को गौशाला में अव्यवस्था की शिकायत की जांच कराई गई तो वहां कई बाते सही निकली है। एसडीएम ने निरीक्षण में पाया है कि गोशाला की सफाई व्यवस्था दुरुस्त नही है। गोवंशों का भूसा चारों ओर बिखरा पड़ा है। मृत गोवंशों के शवों का निस्तारण भी मानक के अनुसार नहीं किया गया है। एसडीएम ने गोशाला संचालक की लापरवाही दर्शाते हुए अपनी रिपोर्ट भेज दी है। डीएम के निर्देश के बाद एसडीएम फरीदपुर मल्लिका नैन ने चठिया फैजू गांव स्थित बृहद गौशाला का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि गौवंशों के पीने के लिए बने हौद की सफाई कई दिन से नही हुई है। गोशाला मे सूखा चारा (भूसा) भी जगह जगह बिखरा हुआ है। गौशाला में साफ सफाई की व्यवस्था भी उचित नही पायी गई। मृत गौवंशों के शवों का निस्तारण नियमानुसार व अपेक्षा अनुरूप नही किया जा रहा था। गोशाला की इस दशा पर एसडीएम ने नाराजगी जताई है। उन्होंने डिप्टी सीवीओ और मेडिकल अफसर को मौके पर बुलवाया और मृत गौवंश का सम्मानपूर्वक व नियमानुसार निस्तारण करवाया। उन्होंने गोशाला संचालक द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने के संबध में कार्यवाही के लिए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।।
बरेली से कपिल यादव
