गिड़ा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न राजकीय कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण : भुवनेश्वर सिंह चौहान

तहसील कार्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत समिति, जलदाय, विद्युत एवं शिक्षा विभाग के कार्यालयों की व्यवस्थाएं देखीं

राजस्थान/बाड़मेर- बालोतरा के बालोतरा जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव के निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने शुक्रवार को गिड़ा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विभागीय कार्यालयों एवं संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील कार्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत समिति, जल विभाग, विद्युत विभाग एवं शिक्षा विभाग से संबंधित कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने तहसील कार्यालय गिड़ा का निरीक्षण करते हुए कार्यालयीन व्यवस्थाओं, विभिन्न प्रकरणों के निस्तारण तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समयावधि में प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए कार्यालय में आने वाले लोगों को आवश्यक जानकारी एवं सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों तथा मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने पंचायत समिति कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं आमजन को योजनाओं का लाभ दिलाने की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे तथा विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने जलदाय विभाग एवं विद्युत विभाग के कार्यालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी लेते हुए सम्बंधित अधिकारियों को आमजन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से आवश्यक सेवाओं से संबंधित शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण तथा फील्ड स्तर पर नियमित निगरानी रखने पर जोर दिया। शिक्षा विभाग से संबंधित कार्यालय के निरीक्षण के दौरान एडीएम ने विद्यालयों में शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने निरीक्षण के दौरान सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की योजनाओं और सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लेते रहें। इस दौरान तहसीलदार गिड़ा रमेश कुमार चौधरी सहित अन्य विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहें।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *