राजस्थान/बाड़मेर- जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने उपखंड शिव एवं गडरारोड के अकाल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने ग्राम पंचायत बालासर एवं ग्राम पंचायत मुंगेरिया में स्थानीय पशुपालकों एवं किसानों से संवाद किया और आमजन की समस्याएं सुनी। उन्होंने इलाके में पशु चारा एवं जलापूर्ति के संबंध में फीडबैक लिया।
जिला कलक्टर ने उपखंड अधिकारी वीरमाराम से ग्राउण्ड ट्रूथिंग और गिरदावरी की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अकालग्रस्त क्षेत्रों में चारा डिपो शीघ्र शुरू किए जाएंगे और कंटिंजेंसी प्लान के तहत पेयजल परिवहन कार्य भी शुरू किया जा रहा हैं। उन्होंने अधीक्षण अभियंता डिस्कॉम को कृषि कनेक्शन पर बिना ट्रिपिंग के निर्धारित समय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बालासर में विद्युत कनेक्शन करने, मुंगेरिया में घरेलू कनेक्शन के वोल्टेज की समस्या का समाधान करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बालासर का निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया।
जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हरसानी का निरीक्षण किया। उन्होंने उपखण्ड अधिकारी गडरारोड़ और अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य की गुणवत्ता जाँच करके विस्तृत जाँच रिपोर्ट प्रस्तुत करने निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने आमजन से संवाद कर फसल खराबा, जलापूर्ति और पशुधन के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को अकाल प्रभावित क्षेत्रों में कंटीजेंसी प्लान के तहत मरम्मत योग्य ट्यूबवेल को चालू करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान शिव उपखंड अधिकारी वीरमाराम, गडरारोड़ उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार, शिव पंचायत समिति के विकास अधिकारी नरसिंगदास, शिव तहसीलदार चुतरसिंह, तहसीलदार गडरारोड़ जोताराम सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
