बरेली। मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव से बुखार, पेट की बीमारियों का हमला लगातार बढ़ रहा है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिले में 81 केंद्रों पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही। इसके साथ ही त्वचा संबंधी बीमारी वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है। मेले में 31 लोगों में मलेरिया के लक्षण मिलने पर किट से उनकी जांच की गई। सीएमओ डॉक्टर विश्राम सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। इसके साथ ही मेले में इलाज कराने आए लोगों को संचारी रोगों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आगामी 1 जुलाई से संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया जाएगा। आंवला आरोग्य मेले में 40 मरीजों का उपचार : आंवला, बरेली। जनपद के आंवला नगर के अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 40 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवायें वितरित कीं। उपचारित मरीजों में 19 पुरुष, 16 महिलाएं और पांच बच्चे शामिल रहे। चिकित्सा अधिकारी डॉ. निवेदिता सिंह ने बताया कि मेले के दौरान सामान्य मरीजों के साथ-साथ एक मधुमेह, एक हाइपरटेंशन और एक गर्भवती महिला की विशेष जांच कर उन्हें परामर्श व दवा दी गई। फार्मासिस्ट अवशेष कुमार, लैब टेक्नीशियन अर्जुन कश्यप, स्टाफ नर्स रोशनी और शिखर राजकिशोर आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
