आंवला, बरेली। जनपद की तहसील आंवला के गांव आसपुर मे ग्राम समाज की भूमि और तालाब पर अवैध कब्जे, साथ ही तालाब की साफ-सफाई न होने के विरोध में पिछले दो दिनों से जूना अखाड़े के बाबा गणेश गिरी महाराज भूख हड़ताल पर थे। गुरुवार को एसडीएम विदुषी सिंह के आश्वासन के बाद यह हड़ताल समाप्त हो गई। सूचना मिलने पर देर शाम एसडीएम विदुषी सिंह हल्का लेखपाल शिवा कुशवाह के साथ आसपुर स्थित भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने मौके का स्थलीय निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। भूख हड़ताल पर बैठे बाबा गणेश गिरी महाराज ने बताया कि तालाब के चारों ओर घेराबंदी न होने के कारण अक्सर गोवंश उसमें डूब जाते हैं, जिससे उनकी मौत हो जाती है। इसके अतिरिक्त, ग्राम समाज की कीमती भूमि पर भी अवैध कब्जे किए गए है। अधिकारियों ने अवैध कब्जे हटवाने और तालाब की सफाई व सुरक्षा सुनिश्चित करने का 15 दिन का लिखित आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद बाबा गणेश गिरी महाराज ने अपना अनशन तोड़ दिया। इस दौरान कई ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
