बरेली। पुलिस ने मौलाना तौकीर के गुर्गे साजिद सकलैनी समेत 16 कुख्यात अपराधियों की क्लास-बी हिस्ट्रीशीट खोल दी है। लूट, चोरी, छिनैती, हत्या, हत्या के प्रयास, गौवध, मादक पदार्थ तस्करी, बलवा और दंगा जैसे गंभीर अपराधों में शामिल इन बदमाशों को अब पुलिस की निगरानी सूची में डाल दिया गया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने आंवला क्षेत्र के दुर्वेश पुत्र जयेन्द्र निवासी कनगांव और जितेंद्र पुत्र नरेशपाल निवासी नटिया खेड़ा को हिस्ट्रीशीटर बनाया गया है। दोनों के खिलाफ चोरी, लूट और हत्या के प्रयास समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में इनके खिलाफ 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मौलाना तौकीर का गुर्गा बारादरी के चक महमूद निवासी साजिद उर्फ साजिद सकलैनी पुत्र नियाज उर्फ नियाजू उर्फ नियामत अहमद का नाम भी सूची में शामिल है। उसके खिलाफ बलवा, दंगा, मारपीट और गंभीर धाराओं में 17 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। थाना मीरगंज के सूफी टोला निवासी नजमुद्दीन पुत्र याकूब को गौकशी से जुड़े मामले और नगरिया सादात निवासी इरफान पुत्र नियामू अहमद को हिस्ट्रीशीटर बनाया गया है। दोनों के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं थाना फतेहगंज पश्चिमी के सराय निवासी तस्कर उस्मान पुत्र शाबिर हुसैन, असलम उर्फ पिण्डा पुत्र अय्यूब और अकरम पुत्र बाबू को मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है। पुलिस का मानना है कि इनकी गतिविधियां युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रही थी। थाना बहेड़ी के तौफीक शाह पुत्र असगर शाह निवासी फरेदगंज के खिलाफ हत्या, मारपीट और गौकशी समेत 10 मुकदमे दर्ज हैं। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद उसकी हर गतिविधि पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। वही थाना सुभाषनगर क्षेत्र के रिषभ ठाकुर पुत्र गौतम सिंह, मनोज कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी शान्ति विहार कॉलोनी को भी हिस्ट्रीशीटर बनाया गया है। दोनों पर चोरी, लूट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों के मुकदमे दर्ज है।।
बरेली से कपिल यादव
