चाचा के घर खाना खाने निकला किशोर लापता, गुमशुदगी दर्ज

शाही, बरेली। जनपद के थाना शाही क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव से एक किशोर लापता हो गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से परिवार में चिंता का माहौल है। सुल्तानपुर निवासी जितेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र अर्पित बुधवार शाम करीब आठ बजे घर से निकला था। परिवार के सदस्यों के अनुसार, जितेंद्र के भाई गिरंद सिंह ने अर्पित को खाना खाने के लिए अपने घर बुलाया था। अर्पित ने परिजनों को बताया कि वह चाचा के घर जा रहा है और फिर घर से निकल गया। परिजनों का कहना है कि अर्पित अपने चाचा के घर नही पहुंचा। कुछ लोगों ने उसे घर के सामने स्थित वन विभाग की कोठी की ओर जाते हुए देखा था। काफी समय तक वापस न लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के गांवों में अर्पित की खोजबीन की गई लेकिन उसका कोई सुराग नही मिल सका। कई प्रयासों के बाद भी अर्पित का पता न चलने पर उसके पिता जितेंद्र सिंह शाही थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर किशोर की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शाही थाना प्रभारी देवेंद्र विश्नोई ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। किशोर की तलाश के लिए पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और अन्य आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि किशोर को जल्द बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *