बरेली। जनपद के थाना भमोरा क्षेत्र मे नन्हे अंसारी नामक व्यक्ति टिनशेड के साथ करीब 50 फीट ऊंचाई तक हवा में उड़ गए। वह मक्का के खेत में गिरे। जिससे उनके एक हाथ मे फ्रैक्चर हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। भमोरा थाना पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है। बबियाना गांव निवासी नन्हे अंसारी ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि वह गांव के बरातघर में टेंट का सामान लेकर गए थे। इसी दौरान आंधी चलने लगी, जिससे बरातघर का टिनशेड उखड़ने लगा। उन्होंने चार-पांच अन्य लोगों के साथ टिनशेड को रोकने का प्रयास किया। नन्हे ने टिनशेड में बंधी रस्सी को अपने हाथ में फंसा लिया था। आंधी इतनी तेज थी कि टिनशेड उखड़ गया और नन्हे भी उसके साथ हवा में उड़ गए। रस्सी छूटने पर वह बरातघर के पीछे मक्का के खेत में जा गिरे। परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनके हाथ पर प्लास्टर किया गया। उपचार के बाद वह अपने घर लौट आए है। नन्हे अंसारी ने बताया कि उन्हें हवा की इतनी तीव्रता का अंदाजा नहीं था। उन्होंने कहा कि वह खुद इस घटना से हैरान हैं। वह टिनशेड को रोकने के लिए रस्सी से हाथ में फंदा बनाकर खींच रहे थे। इसी दौरान वह टिनशेड के साथ हवा में ऊपर उठ गए। उनके अनुसार, वह करीब 50 फीट ऊपर पहुंच गए थे। हवा में उड़ते नन्हे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो आंधी की भयावहता को दर्शाता है। इस घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। बरेली में बुधवार को आई आंधी ने कई इलाकों में नुकसान पहुंचाया है। सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे टूट गए है।।
बरेली से कपिल यादव
