बरेली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने गुरुवार को लेखपाल मुख्य परीक्षा का आयोजन किया। जिले के 37 केंद्रों पर 16968 अभ्यर्थियों में से 14309 उपस्थित और 2659 अनुपस्थित रहे। गर्मी से परेशान अभ्यर्थियों ने पेपर अपेक्षाकृत कठिन और उलझाऊ बताया। लेखपाल मुख्य परीक्षा का गुरुवार को दस बजे से 12 बजे तक आयोजन हुआ। भीषण गर्मी में सुबह आठ बजे से केंद्रों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हो गया था। प्रवेश से पहले जूते-मोजे उतारकर कड़ी तलाशी ली गई। सभी अभ्यथियों के दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की गई। परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में कराई गई। कंट्रोल रूम से भी लगातार परीक्षा की निगरानी की गई। प्रशासनिक अधिकारी केंद्रों का लगातार निरीक्षण करते रहे। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर कठिन था। कौन था फ्रंटियर गांधी, चंद्रभागा किस नदी का नाम है जैसे सवाल भी पूछे गए। गर्मी के कारण हम लोगों की परेशानी और बढ़ गई। परीक्षा छूटने पर सड़कों पर युवाओं की भीड़ पहुंची तो सवारियां ढोने को ई-रिक्शा वालों की दौड़ शुरू हो गई। ई-रिक्शा वालों ने बीच सड़क पर रोककर सवारियां बैठाई। जिससे यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। नावल्टी, सिकलापुर चौराहा, बरेली कॉलेज रोड, पटेल चौक, किला, चौपुला, बरेली सेटेलाइट पर भीषण जाम की समस्या हो गई। एक तो भीषण गर्मी थी, दूसरे जाम में फंसकर लोग परेशान हुए।।
बरेली से कपिल यादव
