बरेली। परीक्षा छूटने के बाद जंक्शन पर एकाएक भीड़ बढ़ गई। ट्रेनों पर चढ़ने की धक्कामुक्की होने लगी। कुछ लोग रॉन्ग साइड से कोचों पर चढ़े। बरेली से सीतापुर को स्पेशल ट्रेन चलाई गई। लेखपाल भर्ती परीक्षा गुरुवार को एक पारी में हुई। बुधवार शाम से पूरी रात और सुबह नौ बजे तक परीक्षार्थी कई जिलों से पहुंचे। करीब 14,000 अभ्यर्थी पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। जब परीक्षा एक बजे छूटी तब युवकों की भीड़ सीधे जंक्शन और बस स्टैंडों पर पहुंची। जंक्शन पर भीड़ को देखकर रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गये। एक, दो और तीन नंबर प्लेटफार्म पर पैर रखने की जगह नहीं थी। आनन-फानन सुरक्षा टीमें लगाई गई। एनाउंसमेंट आफिस में चार कर्मचारी लगाए। ट्रेनों का एनाउंस कराया गया। सीसीटीवी कैमरों से मॉनीटरिंग की गई। बरेली-सीतापुर स्पेशल ट्रेन (04326) तीन बजे चलाई गई। जिससे काफी भीड़ निकल गई। समर सीजन शुरू हो चुका है, लिहाजा सफर पर निकलते वक्त कन्फर्म टिकट हाथ में रखें नहीं तो सीट और बर्थ पाने के लिए आपको जद्दोजहद करनी पड़ सकती है। वहीं गुरुवार को लेखपाल भर्ती के चलते जंक्शन पर ट्रेनें ठसाठस भरी नजर आईं। जननायक एक्सप्रेस दोपहर को प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची तो अभ्यर्थी सीट पाने के लिए मशक्कत करते नजर आए। आलम ये था कि काफी तादाद में अभ्यर्थियों को शौचालय में सफर करना पड़ा। ट्रेन संख्या 15211 दोपहर करीब 01 बजकर 37 मिनट पर बरेली जंक्शन पहुंची तो अभ्यर्थी ट्रेन में सवार होने के लिए टूट पड़े। काफी संख्या में अभ्यर्थी बिना आरक्षण ही स्लीपर कोचों में घुस गए। जिनको जनरल कोचों में जगह नहीं मिली उन्होंने जनरल कोचों के शौचालय में बैठकर ही सफर करना शुरू कर दिया।।
बरेली से कपिल यादव
