बरेली। रविवार को जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर नीट यूजी की पुनर्परीक्षा अभूतपूर्व सुरक्षा के वीच आयोजित की गई। पिछली गड़बड़ियों से सबक लेते हुए इस बार प्रशासन सुरक्षा को लेकर बेहद सख्त रहा। पंजीकृत 11,492 परीक्षार्थियों में 10,644 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। डीएम अविनाश सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता समेत आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। परीक्षा दोपहर दो बजे से थी, लेकिन सुबह 11 बजे से ही अभ्यथर्थी जुट गए और सघन तलाशी अभियान शुरू हो गया। चेकिंग के दौरान कपड़ों में लगे बड़े वटन, चेन और जूतों-स्लीपर के सोल तक खंगाले गए। गाइडलाइंस का हवाला देकर छात्राओं के आभूषण और छात्रों के हाथ में बंधे कलावे तक काट दिए गए। शाम सवा पांच वजे जब छात्र वाहर निकले, तो उन्होंने फिजिक्स के पेपर को काफी घुमावदार, केमिस्ट्री को औसत और वायोलॉजी को आसान बताया। सुरक्षा का आलम ये था कि इस्लामिया इंटर कॉलेज केंद्र पर भीषण गर्मी के बावजूद सुरक्षाकर्मियों ने अभ्यर्थियों की पानी की वोतलें बाहर रखवा दीं, जिससे मुख्य गेट पर हंगामा खड़ा हो गया। एक अभ्यर्थी के पिता और शिक्षक नेता ने इसका कड़ा विरोध करते हुए सीधे एडीएम सिटी से फोन पर शिकायत की। एडीएम सिटी के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने बोतलें अंदर ले जाने की अनुमति तो दे दी लेकिन तब तक कई छात्र विना बोतल के ही परीक्षा हॉल में प्रवेश कर चुके थे, जिससे परिजनों में गहरी नाराजगी देखी गई।।
बरेली से कपिल यादव
