राजस्थान/बाड़मेर- पंचायत आम चुनावों के तृतीय चरण के तहत धोरीमन्ना पंचायत समिति क्षेत्र में पंच एवं सरपंच पदों के लिए गुरुवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। मतदान में धोरीमन्ना ने 92.49 प्रतिशत मतदान दर्ज कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी धोरीमन्ना बद्रीनारायण विश्नोई ने बताया कि पंचायत समिति क्षेत्र की कुल 47 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए लोकतंत्र के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।
उन्होंने बताया कि कुल 92.49 प्रतिशत मतदान के साथ धोरीमन्ना पंचायत समिति प्रदेश में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत दर्ज करने वाली पंचायत समिति रही। उल्लेखनीय है कि धोरीमन्ना इससे पूर्व नगरपालिका निर्वाचन के द्वितीय चरण में भी 91.59 प्रतिशत मतदान के साथ प्रदेश में अव्वल रहा था।
एसडीएम विश्नोई ने कहा कि लगातार निर्वाचन में उच्च मतदान प्रतिशत क्षेत्र के मतदाताओं की लोकतांत्रिक जागरूकता और मतदान के प्रति जिम्मेदारी को दर्शाता है। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं सफल मतदान संपन्न करवाने में सहयोग देने वाले सभी मतदाताओं, चुनाव ड्यूटी में तैनात सरकारी कार्मिकों एवं संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
— राजस्थान से राजूचारण
