राजस्थान/बाड़मेर- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बालोतरा जिले में पात्र मतदाताओं के मतदाता सूची में पंजीकरण को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक जिले के समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं मतदान केंद्रों पर क्लस्टर कैंप आयोजित किए जाएंगे। अभियान में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं एवं नव मतदाताओं का अधिकाधिक पंजीकरण किया जायेगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप समाज के वंचित वर्गों, सामाजिक रूप से पिछड़े तथा मुख्यधारा से जुड़ने से शेष रहे संवेदनशील समूहों की मतदाता पंजीकरण में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों को समन्वय स्थापित कर क्लस्टर कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र युवाओं एवं नव मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही पात्र व्यक्तियों को पंजीकरण प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध करवाकर आवेदन की प्रक्रिया में सहयोग किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी यादव ने बताया कि दिव्यांग मतदाताओं के पंजीकरण के लिए 30 नवंबर को विशेष क्लस्टर कैंप आयोजित किए जाएंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी स्कूल एवं कॉलेज ईएलसी के उपयुक्त क्लस्टर बनाकर विशेष विद्यालयों, आवासीय विद्यालयों तथा सीएसओ एवं एनजीओ के सहयोग से शिविर आयोजित करेंगे। इसी प्रकार 5 दिसंबर को ट्रांसजेंडर एवं बेघर व्यक्तियों के मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत डेरे, हवेलियां, निवास स्थलों, रैन बसेरों एवं श्रमिक कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के साथ बेघर व्यक्तियों का डोर-टू-डोर सर्वे किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहे। वहीं, 6 दिसंबर को विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह के पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की ओर से चिन्हित स्थानों पर क्लस्टर कैंप आयोजित किए जाएंगे।
स्वीप नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनसिंह महेचा ने बताया कि जिले में जेंडर रेशियो में सुधार एवं महिला मतदाताओं की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक प्रत्येक बुधवार को सभी मतदान केंद्रों पर महिला क्लस्टर कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विशेष रूप से महिलाओं एवं नवविवाहित महिलाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कैंपों के आयोजन के लिए ब्लॉक विकास अधिकारियों के पर्यवेक्षण में सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, राजीविका स्वयं सहायता समूह, ग्राम विकास अधिकारी, नगर परिषद एवं नगर पालिका के कार्मिकों तथा बीएलओ एवं सुपरवाइजर का सहयोग लिया जाएगा।
उन्होने बताया कि जिले के समस्त रिटर्निंग अधिकारियों को क्लस्टर कैंपों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों एवं संस्थानों को आपसी समन्वय से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिकाधिक पात्र लोगों को शिविरों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाते हुए युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं वंचित वर्गों की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग निर्धारित समयावधि में पंजीकरण कार्य को प्राथमिकता से पूरा करें।
— राजस्थान से राजूचारण
