बरेली। रविवार को उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर 90 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से नकल, अव्यवस्था या अन्य अनियमितता की कोई शिकायत सामने नही आई। जिले में कुल 5,561 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में 5,012 और दूसरी पाली में 5,023 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं पहली पाली में 549 और दूसरी पाली में 538 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा कराया गया। बरेली में परीक्षा के समन्वय और संचालन की जिम्मेदारी महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय को सौंपी गई थी। परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर बायोमैट्रिक उपस्थिति, पहचान सत्यापन और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय सामग्री के वितरण एवं संकलन के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। जिला प्रशासन के सहयोग से परीक्षा सामग्री को समय पर और सुरक्षित ढंग से सभी केंद्रों तक पहुंचाया गया। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि प्रो. एल.सी. साहू और सुरेश मौर्य ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा संचालन पर संतोष जताते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के. पी. सिंह के निर्देशन में आयोजित परीक्षा की निगरानी कुलसचिव एवं नोडल अधिकारी हरीश चंद, नोडल समन्वयक प्रो. एस. के. पांडेय, जनपद समन्वयक प्रो. यतेन्द्र कुमार और उप नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण सिंह ने की।।
बरेली से कपिल यादव
