बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष अकरम खान ने बढ़ी हुई बिजली दरों और लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि बिजली दरों में की गई वृद्धि तुरंत वापस नही ली गई तो व्यापार मंडल प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगा। अकरम खान ने कहा कि पहले से ही गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से आम जनता और व्यापारी परेशान है। अब बिजली बिलों पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त फ्यल सरचार्ज लगाए जाने से हालात और खराब होंगे। इससे आवश्यक वस्तुओं के दाम 25 से 30 प्रतिशत तक बढ़ने की संभावना है, जिसका सीधा असर छोटे, मध्यम और कुटीर उद्योगों पर पड़ेगा। व्यापार मंडल ने सरकार के सामने पांच प्रमुख मांगें रखी है। जिनमें अघोषित बिजली कटौती समाप्त करना, बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेना, वाणिज्यिक कनेक्शनों पर न्यूनतम शुल्क हटाना, नए कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर की कीमत कम करना और स्मार्ट मीटर खरीद में कथित अनियमितताओं की जांच शामिल है। अकरम खान ने आरोप लगाया कि पहले दो किलोवाट मीटर की कीमत लगभग 675 रुपये थी, जो अब बढ़कर करीब 3850 रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो व्यापार मंडल शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन, पुतला दहन और भूख हड़ताल जैसे लोकतांत्रिक तरीकों से विरोध दर्ज कराएगा।।
बरेली से कपिल यादव
