100 से कम गोवंश वाली गौशालाओं को बंद कर दें- निदेशक

बरेली। जिन गौशालाओं मे 100 से कम गोवंश मौजूद है उन्हें बंद कर दिया जाए। वहां रह रहे गोवंशों को दूसरी बड़ी गौशालाओं में शिफ्ट किया जाए। यह निर्देश पशुपालन विभाग उत्तर के निदेशक रोग नियंत्रण एवं प्रक्षेत्र डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने समीक्षा बैठक में दिए। निदेशक ने शनिवार को गौशालाओं का निरीक्षण करने के बाद समीक्षा बैठक की। उन्होंने गोवंशों के खान पान से लेकर टीकाकरण की प्रक्रिया पर जोर दिया। निदेशक ने वृहद गो संरक्षण केंद्र वीरपुर, अस्थायी गो आश्रय स्थल पचौमी तथा हरेला, फरीदपुर का निरीक्षण किया। वहां पर की गई व्यवस्थाओं को देखा। इसके बाद वो सर्किट हाउस पहुंचे जहां पर अपर निदेशक पशुपालन विभाग, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी और सभी उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारियों व पशु चिकित्सा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। निदेशक ने बैठक मे निर्देश देते हुए कहा कि गोवंशों को पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, पशु आहार, भूसा और गुड़ उपलब्ध कराया जाए। बरसात के मौसम से पहले सभी क्षेत्रों में गोवंशों का शत-प्रतिशत एचएस टीकाकरण करा लिया जाए। साथ ही एफएमडी (खुरपका-मुंहपका) टीकाकरण व कृत्रिम गर्भाधान से संबंधित समस्त आंकड़ों को पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *