हाफिजगंज, बरेली। चोरों ने एक ही रात मे एक गांव के पांच घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। सभी घटनाओं की रिपोर्ट थाना हाफिजगंज में दर्ज करायी गयी है। हाफिजगंज के मुल्लापुर गांव के नौसे खां पुत्र असलम खां ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 7 जून की रात परिवार के सभी लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में घुस आए। संदूक व अलमारी के ताले तोड़कर चांदी की पायल, हाथ के कड़े समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए।इसके बाद चोरों ने गांव के परवेज खां के घर को निशाना बनाया। अलमारी का ताला तोड़कर सोने की मांगपट्टी तथा चांदी की पायल समेत अन्य आभूषण चोरी कर लिए। वहीं इरफान खां पुत्र इस्लाम खां के घर से सोने की नथ, लोकेट, अंगूठी तथा चांदी की पायल, हाथफूल, हार और 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। चोरों ने आसिब पुत्र शहरयार के घर में घुसकर संदूक और अलमारी का ताला तोड़ सोने की अंगूठी, पेंडल तथा चांदी की एक जोड़ी पायल पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा आसिफ पुत्र रहमत खां के घर से सोने का गले का टीप और कुंडल चोरी कर ले गए। वही एक ही रात में पांच घरों में चोरी की वारदात से गांव में भय का माहौल है। वहीं दो जून की रात चोरों ने हाफिजगंज थाना क्षेत्र के ही बकैनिया गांव में दो घरों को निशाना बना लाखों रुपये के जेवरात और सामान पार कर दिया था। लोगों में पुलिस के खिलाफ नाराजगी है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि सभी घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरों की तलाश को टीम गठित कर जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
