Breaking News

विकसित भारत जन सेवा अभियान में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश : सुशील कुमार यादव

राजस्थान/बाड़मेर- बालोतरा जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप आमजन को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने लंपी डिजीज की रोकथाम को लेकर पशुपालन विभाग को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा प्रभावी निगरानी एवं रोकथाम के लिए सतत कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशुधन से संबंधित किसी भी बीमारी की स्थिति में समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की समीक्षा करते हुए ऋण स्वीकृति की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग एवं बैंक आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पात्र आमजन तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर यादव ने बताया कि 17 सितंबर से 15 अक्टूबर तक बालोतरा जिले में विकसित भारत जन सेवा अभियान आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अभियान के तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले शिविरों की प्रभावी तैयारी करने के निर्देश दिए। साथ ही शिविरों के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करते हुए अधिक से अधिक आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। शिविरों को अधिक प्रभावी एवं परिणामदायी बनाने के लिए विभागीय स्तर पर समुचित समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने राजस्थान संपर्क पोर्टल, ई-डाक एवं ई-फाइल के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए इनके डिस्पोजल टाइम को न्यूनतम करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा आमजन की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की देरी नहीं करने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना में उत्तरोत्तर प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में विशेष योग्यजन के यूडीआईडी कार्ड बनाने के लिए शिविर आयोजित कर पात्र लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनसिंह महेचा एवं नगर परिषद आयुक्त आशुतोष आचार्य ने विकसित भारत जन सेवा अभियान की रूपरेखा को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर नगर विकास न्यास के सचिव अशोक कुमार, विकास अधिकारी हीराराम कलबी, जिला रसद अधिकारी विनिता शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उम्मेदाराम, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी कमलेश चौधरी समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समस्त उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी माध्यम से जुडे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *