सीबीगंज पावर हाउस का घेराव, उपभोक्ताओं में बढ़ा आक्रोश

सीबीगंज, बरेली। सीबीगंज पावर हाउस क्षेत्र मे लगातार बिगड़ रही विद्युत व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की शाम को बाकरगंज वाल्मीकि बस्ती से आए लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उपकेंद्र का घेराव किया। लोगों ने आरोप लगाया कि पावर हाउस पर स्थापित हेल्प डेस्क केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। उनका आरोप है कि यहां शिकायतें तो दर्ज की जाती हैं, लेकिन उनके समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टाफ की भारी कमी के कारण बिजली संबंधी समस्याओं का समय पर निस्तारण नहीं हो पा रहा है। लगातार फॉल्ट और ट्रिपिंग की घटनाओं ने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। उपभोक्ताओं के अनुसार कई इलाकों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी केवल औचक निरीक्षण और चेकिंग अभियानों में व्यस्त हैं, जबकि जमीनी स्तर पर बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमराई हुई है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *