विश्व मादक द्रव्य विरोधी दिवस पर भाई-बहन ने लहराया प्रतिभा का परचम

* वैष्णवी शर्मा ने निबंध प्रतियोगिता में प्रथम तथा प्रज्ञन्य शर्मा ने जूनियर वर्ग की निबंध प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया

बरेली। विश्व मादक द्रव्य विरोधी दिवस के अवसर पर मद्य निषेध विभाग, उत्तर प्रदेश एवं संस्कार भारती, महानगर बरेली के संयुक्त तत्वावधान में केशव कृपा भवन, बरेली में नशा मुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में उप क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी, मुरादाबाद क्षेत्र, श्री मनोज कुमार के निर्देशन में निबंध, चित्रकला, भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें जनपद के अनेक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कांतिकपूर सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 9 की प्रतिभाशाली छात्रा एवं राज्य पुरस्कृत शिक्षक डॉ. अमित शर्मा की सुपुत्री वैष्णवी शर्मा ने अपने उत्कृष्ट विचारों, प्रभावशाली अभिव्यक्ति एवं सामाजिक सरोकारों से परिपूर्ण लेखन के बल पर निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, कंपोजिट स्कूल नवादा बिलसंडी, विकास क्षेत्र फरीदपुर, बरेली के मेधावी एवं निपुण छात्र तथा डॉ. अमित शर्मा के सुपुत्र प्रज्ञन्य शर्मा ने जूनियर वर्ग की निबंध प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी लेखन प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया। दोनों भाई-बहन की इस उल्लेखनीय सफलता ने न केवल उनके परिवार बल्कि विद्यालय एवं जनपद का भी गौरव बढ़ाया।
विजेता विद्यार्थियों को उप क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी श्री मनोज कुमार एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आज के विद्यार्थी केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक जागरूकता के अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाकर समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। राज्य पुरस्कृत शिक्षक डॉ. अमित शर्मा ने दोनों बच्चों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रहित की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने मद्य निषेध विभाग एवं संस्कार भारती द्वारा आयोजित इस प्रेरणादायी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं अतिथियों ने “नशामुक्त भारत–स्वस्थ भारत” के संकल्प को दोहराते हुए समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस उपलब्धि पर शिक्षकों, अभिभावकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों ने वैष्णवी शर्मा एवं प्रज्ञन्य शर्मा को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *