मोहर्रम पर निकाले गए ताजिओं के जुलूस, अकीदतमंदों ने पेश किया खराज-ए-अकीदत

फरीदपुर, आंवला, अलीगंज, भमोरा बिशारतगंज, बरसेर। जनपद के आंवला, मीरगंज क्षेत्र के नगर और तहसील क्षेत्र मे मोहर्रम पर ताजियेदारों ने जुलूस निकाले। बाद में ताजियों को कर्बला में दफन किया। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। ताजिए का जुलूस मोहल्ला गंज से शुरू हुआ, जहां से चाचा नेहरू चौराहा, भूमि विकास बैंक चौराहा और घेर अन्नू खां पहुंचा। जुलूस के दौरान जगह-जगह लोगों ने ताजिए का इस्तकबाल किया तथा जायरीन को शर्बत और पानी पिलाया गया। जुलूस में एसडीएम विदुषी सिंह, तहसीलदार बृजेश कुमार वर्मा, सीओ नितिन कुमार, ​कोतवाल बीनू सिंह मय फोर्स के साथ मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष सय्यद आबिद अली सभासदों के साथ शामिल रहे। जुलूस मार्ग पर ड्रोन से निगरानी की गई। मोहल्ला किला में लोगों ने छूरियों का मातम किया। मनौना में कर्बला में मोहर्रम का मेला लगाया गया। भमोरा में जुलूस : भमोरा। गांव कुडढा, मकरंदपुर ताराचंद, सिरोही, देवचरा, कैमुआ, बल्लिया, सरदारनगर, बभियाना, राजूपुर, मजनूपुर में ताजिए का जूलूस बैंड-बाजा के साथ निकाला गया। इस दौरान कुछ स्थानों पर मेला भी लगा। कुडढा में हिंदू मुस्लिम एकता कायम रखने के लिए हिंदू अपने कंधों पर ताजिया रखकर जुलूस में शामिल हुए। जिनमें आशीष यादव, मुकेश यादव, बृजभान,भानु प्रताप, यादव आदि मौजूद रहे। अलीगंज का जुलूस : अलीगंज। कस्बे में मोहर्रम पर ताजियों का जुलूस निकाला गया, इसके बाद ताज़िए को कर्बला में दफन किया गया। गैनी, सूदनपुर, रहगवां, कुंडरिया फैजुललापुर, राजपुर कला, खैलम देहाजागीर, अमरोली, मंडोरा आदि गांवों में भी जुलूस निकाला गया। इस दौरान एडीएम एफआर, एसडीएम विदुषी सिंह, सीओ नितिन कुमार, पीएसी की एक बटालियन तथा थाना पुलिस मौजूद रही। बरसेर में मातम : बरसेर। शहबाजपुर, कल्यानपुर, केसरपुर, रमपुरा भोपतनगर, दस्तमपुर आदि गांवों में मोहर्रम का ताजिया जुलूस निकाला गया। रात भर बैंड-बाजा के साथ मातम मनाया गया, इसके बाद ताज़िए को कर्बला में दफन किया गया। इस अवसर पर मेला भी लगा। बिशारतगंज का जुलूस : बिशारतगंज। नगर में शुक्रवार को मोहर्रम के ताजिया का जुलूस निकाला गया। नगर वासियों ने रोड पर जगह-जगह शर्बत की व्यवस्था की। इस दौरान अध्यक्ष मोहम्मद ताज उर्फ लाल मियां कुरैशी, शोएब खान, यामीन अंसारी, पुलिस की मौजूदगी में ताजिया निकाले गए। थाना अध्यक्ष नरेश कुमार कश्यप, उपनिरीक्षक राजीव कुमार फोर्स के साथ मौजूद रहे। फरीदपुर मे शांतिपूर्ण वातावरण में मोहर्रम का जुलूस निकाला गया। फरीदपुर में जुलूस के बाद देर शाम कर्बला में ताजिए दफन किए गए। फतेहगंज पूर्वी के गांव टिसुआ, शिवपुरी, कादरगंज, पढेरा आदि गांव में इमाम हुसैन की याद में माहौल गमगीन हो गया। टिसुआ के शिया लोगों द्वारा अजादारी करते हुए जंजीरों और छूरियों से मातम किया गया। फतेहगंज पूर्वी नगर में शनिवार को ताजियों का जुलूस निकलेगा।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *