बरेली। महिला की हत्या करने वाले फौजी पति या उसके परिवार वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मायके वालों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। इस पर सीओ और इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने के बाद आरोपियों के घर पर दबिश दिलवाई तो अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि अभी कोई गिरफ्तारी नही हो सकी है। पुलिस की जांच में हत्यारोपी की अंतिम लोकेशन हापुड़ के पास मिली है। आपको बता दें कि सुभाषनगर की वैष्णों धाम कॉलोनी में मंगलवार दोपहर गीता देवी की उनके घर में गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज से सामने आया कि इस वारदात को उनके पति भारत सिंह यादव ने अंजाम दिया है, जो सेना में कार्यरत है और इन दिनों पंजाब के फिरोजपुर में तैनात है। इस मामले में गीता के भतीजे ने अपने फूफा भारत सिंह और उसके परिजन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार शाम गीता का शव उनके घर पहुंचा लेकिन ससुराल पक्ष से कोई व्यक्ति नहीं आया। वहीं, ससुराल पक्ष से भी कोई व्यक्ति नहीं पहुंचा, जिसको लेकर गीता के मायके वालों में भारी आक्रोश था। ससुराल पक्ष से कोई नहीं पहुंचा : गुरुवार सुबह गीता के मायके वालों ने गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। सूचना पर सीओ अंजनी कुमार तिवारी, इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन समेत अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। उन लोगों ने पीड़ित परिवार को समझाया और आरोपियों की तलाश में बदायूं के थाना मूसाझाग के गांव मल्लाहपुर स्थित उनके पैतृक घर दबिश भेजी लेकिन वहां पर कोई हाथ नही आया। मगर पुलिस के समझाने पर गुरुवार शाम को मायके वालों ने गीता के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।।
बरेली से कपिल यादव
