बरेली। ताजुश्शरिया मुफ्ती अजहरी मियां के 8वें दो रोजा उर्स का आगाज आज को परचम कुशाई की रस्म के साथ होगा। मोहल्ला शाहबाद स्थित मिलन शादी हॉल से शाम 5 बजे निकलने वाला परचम जुलूस कदीमी रास्तों से गुजरते हुए दरगाह ताजुश्शरिया पहुंचेगा। जहां अकीदतमंदों की बड़ी तादाद में मौजूदगी के बीच उर्स की रस्में शुरू होंगी। शनिवार को कुल की रस्म जामियातुर्रजा में शाम 7:14 बजे होगी। कोर कमेटी के सदस्य शमीम अहमद ने बताया कि उर्स ए ताजुश्शरिया की सभी रस्में काजी ए हिन्दुस्तान मुफ्ती असजद मियां की सपरस्ती में होंगे। परचम जुलूस की निगरानी जमात रजा ए मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान मियां, महासचिव फरमान मियां करेंगे। परचम कुशाई शाहबाद से कुतुबखाना, बिहारीपुर होते हुए दरगाह आला हजरत पर सलामी करते हुए दरगाह ताजुश्शरिया पर समाप्त होगा। परचम कुशाई की रस्म अदायगी काजी ए हिंदुस्तान के हाथों होगी। जुलूस में फूलों की टोकरी, परचम के साथ मोटर साइकिल काफिला होगा। इसी के साथ दो रोजा उर्स का आगाज हो जायेगा। फरमान मियां ने बताया कि उर्स में दुनियाभर के अकीदतमंद शिरकत करने बरेली पहुंच रहे है। ताजुश्शरिया उर्स मे इस बार मंच से सिर्फ मजहबी और मुसलमानों के मौजूदा हालात से जुड़े मुद्दों पर ही तकरीर होंगी। साथ ही तालीम, बच्चों की परवरिश और शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा और देश में अमन और सौहार्द का पैगाम भी दिया जाएगा। उर्स का आगाज हो चुका है और सभी कार्यक्रम मथुरापुर स्थित जामियातुर रजा मदरसे में आयोजित किए जा रहे है। देश-विदेश से आने वाले उलेमा के लिए मदरसे में विशेष मंच तैयार किया गया है। जमात रजा ए मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां ने बताया कि इस बार उलेमा को तकरीर के लिए विशेष विषय दिए गए है। मौलाना वली मोहम्मद का उर्स हुआ शुरू : बरेली मे मौलाना वली मोहम्मद (वली मियां) के 36वें सालाना चार रोजा उर्स-ए-मोहम्मदी का आगाज गुरुवार को परचम कुशाई के साथ हो गया। परचम जुलूस नीम की चढ़ाई स्थित सलमान शमसी के घर से हाजी आरिफ उल्लाह की कयादत में निकला। दरगाह वली मियां के मीडिया प्रभारी सय्यद नाजिर अली चांद ने बताया है कि जुलूस में मोहम्मद जफर शमसी हाथ में परचम लेकर सबसे आगे रहे, जबकि नात ख्वां हजरात नात व मनकबत पेश करते हुए चल रहे थे। परंपरा के अनुसार इस बार भी जुलूस में साउंड सिस्टम का इस्तेमाल नहीं किया गया। जुलूस के दौरान उमर कादरी, सईद शमसी और फराज शम्सी सहित अन्य लोगों ने जगह-जगह इस्तकबाल किया। फूटा दरवाजा क्षेत्र में मुजीब, हाजी तौसीफ, महताब शमसी और ताजीम शमसी ने फूल बरसाकर स्वागत किया।।
बरेली से कपिल यादव
