आंवला, बरेली। जनपद की आंवला तहसील मुख्यालय पर भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर ब्राह्मण समाज में नाराजगी देखने को मिली। बड़ी संख्या मे समाज के लोगों ने एकत्र होकर मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान ब्राह्मण महासभा के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। समाज के लोगों ने एनकाउंटर की परिस्थितियों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि यदि भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण कर दिया था, तो उसके बाद हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। इस मुद्दे पर लोगों ने गहरी नाराजगी जताते हुए न्याय की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।।
बरेली से कपिल यादव
