बरेली। बरेली शहर को 25 नई ई-बसें मिलेंगी। इसके लिए नगरीय परिवहन निदेशालय और शासन के बीच पत्राचार चल रहा है। करीब तीन एकड़ जमीन पर आधुनिक ई-बस स्टेशन बनाने की भी तैयारी है। इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति उपयुक्त भूमि की तलाश कर रही है। मिनी बाइपास समेत तीन स्थानों पर जमीन का निरीक्षण भी किया जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में शहर की आबादी और लगातार बढ़ते ट्रैफिक के मुकाबले ई-बसों की संख्या काफी कम है। नई ई-बसों के शामिल होने से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी। नई बसों आने से पहले बस स्टेशन निर्माण की कवायद भी की जा रही है। जमीन फाइनल के बाद बस स्टेशन के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। प्रस्तावित बस अड्डे पर बसों की पार्किंग, यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, बसों के लिए चार्जिंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों को भी शहर से जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। आसपास के कस्बों और ग्रामीण इलाकों के लिए नए रूट तय करने की योजना पर काम किया जा रहा है। परिवहन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने बताया कि शहरवासियों को बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नई ई-बसों और बस अड्डे की योजना पर कार्य किया जा रहा है। निदेशालय ने शासन से पत्राचार किया है। भूमि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
