बिजली संकट पर फूटा गुस्सा, पांच उपकेंद्रों का घेराव

बरेली। बुधवार और गुरुवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने जिले की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा दी। बड़ी संख्या में बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर और 33 केवी व 11 केवी लाइनें क्षतिग्रस्त होने से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली संकट गहरा गया। मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर चलने के बावजूद कई इलाकों में दो दिन बाद भी आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। इससे परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा और लोगों ने पांच बिजली उपकेंद्रों का घेराव कर हंगामा किया। आंधी के दौरान जिलेभर में 150 से अधिक स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति ठप हो गई। बिजली निगम ने सभी उपकेंद्रों की मुख्य आपूर्ति तो बहाल कर दी, लेकिन बड़ी संख्या में लोकल फॉल्ट बने रहने से मोहल्लों और कॉलोनियों में बिजली नहीं पहुंच सकी। हरूनगला, सीबीगंज, परसाखेड़ा, डेलापीर और महानगर उपकेंद्रों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। सनसिटी और महानगर क्षेत्रों में भी उपभोक्ता परेशान रहे। उपभोक्ताओं की समस्याओं के निस्तारण के लिए बनी हेल्पडेस्क का इंटरनेट भी शुक्रवार रात जवाब दे गया। रामपुर गार्डन में बनी हेल्पडेस्क का इंटरनेट न चलने के कारण उपभोक्ताओं की समस्याओं को नोट करने व उनके समाधान को संबंधित अधिकारियों व बिजलीघर को भेजने मे समस्या हुई। एक ओर जहां बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की बिजली गुल रही वहीं दूसरी ओर ट्रिपिंग की समस्या का भी लोगों को सामना करना पड़ा। देर शाम के जगहों पर वोल्टेज हाई लो कि समस्या बनी रही। हेल्पडेस्क व कंट्रोल रूम में सबसे अधिक समस्याएं इन्ही मामलों की पहुंची।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *