मीरगंज, बरेली। बुधवार रात आंधी तूफान से क्षेत्र की बिजली सप्लाई ध्वस्त हो गई। कई गांवों में खंभों पर रखे ट्रांसफार्मर गिर गए। मीरगंज ग्रामीण एवं नगरी उपकेंद्र एरिया में 92 खंभे टूट गए है। घरों की टिनशेड की छतें उड़ गई। छतों पर रखा सामान भी हवा उड़ा ले गई और सैकड़ों पेड़ टूट गए। मीरगंज नगर में मंगलवार से प्रभावित आपूर्ति गुरुवार दोपहर में बहाल हो सकी। अभी कई इलाकों में बिजली बाधित है। बुधवार रात आंधी में बलूपुरा के जंगल मे खंभों पर रखा ट्रांसफार्मर गिर गया। गूला गांव में भी ट्रांसफार्मर खंभों समेत गिर गया। मीरगंज नगरीय उपकेंद्र की मेन लाइन के तीन खंभे टूटकर गिर गए। मीरगंज ग्रामीण उपकेंद्र के शीशगढ़ फीडर के 30 खंभे, करनपुर फीडर के 20, न्यू समसपुर फीडर के छह, फतेहगंज फीडर के पांच एवं विश्व बैंक फीडर के तीन, समसपुर फीडर के 25 खंभे आंधी में टूट गए। मंगलवार रात आंधी में चरमराई बिजली व्यवस्था को कर्मचारी बुधवार पूरे दिन पटरी पर लाने के जुटे रहे लेकिन बुधवार रात में दोबारा तूफान ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। गुरुवार दोपहर बाद कर्मचारियों ने मीरगंज कस्बे की सप्लाई बहाल कर दी। शाम तक करनपुर फीडर हुरहुरी तक, पुरान करनपुर फीडर जाम तक, समसपुर फीडर की रईयानगला तक सप्लाई शुरू हो सकी। शीशगढ़। रातभर आंधी और बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई जगह बिजली के खंभे टूटने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। शीशगढ़ कस्बे एवं 56 गांव के उपभोक्ताओं को 13 घंटे बिजली सप्लाई ठप रहा। टीजीटू लाइक राम यादव ने बताया कि कई जगह बिजली के तारों पर पेड़ टूटकर गिर गए। आंधी तूफान मे सैंकड़ों पेड टूट गए। पुराने पेड़ उखड़ गए। नगरिया सादात मे तलाब के पास किसान के खेत की मेढ़ पर लगा शीशम का पेड़ उखड़ गया। नगरिया सादात सिल्लापुर रोड पर पेड़ टूटकर गिरने से रोड घंटों बाधित रहा। खेतों में लगे पापुलर एवं लिप्टस के पेड़ टूटने से किसानों को भारी क्षति हुई है। शेरगढ़। क्षेत्र में बुधवार रात आंधी ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं से बिजली के पोल टूटकर धराशायी हो गए। कई स्थानों पर बिजली के तारों पर पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई और गांवों में शाम तक विद्युत व्यवस्था बेपटरी थी। आंधी से किसानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा। खेतों में खड़े यूकेलिप्टस और पॉपुलर के तमाम पेड़ उखड़ गए तथा कई पेड़ बीच से टूटकर गिर पड़े। वहीं शेरगढ़ थाना परिसर में लगा टावर आंधी की चपेट में आकर टूटकर पास के खेत में जा गिरा। फतेहगंज पश्चिमी। बुधवार रात आंधी से विद्युत लाइनों को सर्वाधिक नुकसान पहुंचा है। लाइनों पर पेड़ गिरने से खंभे टूट गए और तार क्षतिग्रस्त हो गए हैं। फतेहगंज पश्चिमी कस्बे एवं क्षेत्र के 45 गांवों की विद्युत आपूर्ति आंधी के बाद से ठप है। कर्मचारी लाइनें ठीक करने में जुटे है। शाही। आंधी में प्रेमपुर, खजुरिया, दाढ़ा,बढ़ेपुरा हौंसपुर, दौली जबाहर लाल, तुरसा पट्टी, ढूंगरपुर मार्ग पेड़ और बिजली के खंभे सड़क पर गिरने से आवागमन गुरुवार को घंटों बाधित रहा। गुरुवार दोपहर बाद टूटे बिजली पोलों को हटाकर आवागमन सुचारु हुआ। जुन्हाई, फिरोजपुर, धनेटा, चनेटा, बीथम आदि दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति तीन दिनों से ठप है।।
बरेली से कपिल यादव
