बरेली। दो साल में रकम दो गुनी करने का झांसा देकर एबीएमपीएल कंपनी 61 निवेशकों के 3.22 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गई और इसके मैनेजर समेत अन्य पदाधिकारी भूमिगत हो गए हैं। इस मामले में पीड़ितों ने थाना बारादरी में कंपनी के मैनेजर समेत छह आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। संजयनगर निवासी सुमित गुप्ता ने इस रिपोर्ट नोएडा सेक्टर 63 की छोटपुर कॉलोनी निवासी कंपनी के मैनेजर पुष्पेंद्र मौर्य, उसकी पत्नी नीलम रानी, भाई सत्य प्रकाश मौर्य, पिता बृजपाल, मां ज्ञानवती और लखीमपुर में थाना मितौली के गांव राजेपुर के जयप्रकाश मौर्य को नामजद किया है। उनका कहना है कि आरोपियों से कुछ समय पहले उनकी मुलाकात हुई तो नोएडा में इसी पते पर संचालित अपनी कंपनी एबीएमपीएल (अखंड भारत मल्टीट्रेड प्राइवेट लिमिटेड) में निवेश करके दो साल में रकम दोगुनी करने का झांसा दिया। 22 दिसंबर 2024 को आरोपियों ने स्टेडियम रोड पर कृष्णाज होटल में उनसे 72.98 लाख रुपये का निवेश करा लिया और दो साल में रकम दोगुनी करने का फर्जी एग्रीमेंट कर दिया। उनके साथ ही 60 अन्य लोगों ने भी करीब 2.5 करोड़ रुपये का निवेश किया। पहले भी कई चिटफंड कंपनियां लोगों की मेहनत की कमाई लेकर फरार हो चुकी हैं। इनमें श्रीगंगा इंफ्रासिटी प्राइवेट लिमिटेड, कैनविज, आईसीएल, अमर ज्योति भविष्य निधि लिमिटेड समेत ऐसी कई चिटफंड कंपनियां हैं, जो निवेशकों की गाढ़ी कमाई लेकर फरार हुई हैं। इनमें से श्रीगंगा इंफ्रासिटी और कैनविज तो 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी करके फरार हुई हैं। कुछ मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी हुई लेकिन रकम किसी की वापस नहीं मिल सकी है। निवेशक अपनी रकम वापस पाने को दर-दर भटक रहे हैं लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
