डॉक्टर दिवस पर ग्लोबल हॉस्पिटल में हुआ भव्य आयोजन

चिकित्सकों का सम्मान, केक काटकर मनाया उत्सव; डॉ. विनोद राठौर ने दी सेवा और समर्पण की सीख

बरेली। राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस के अवसर पर बरेली स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल में हर्षोल्लास के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अस्पताल के सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने केक काटकर डॉक्टर दिवस मनाया तथा चिकित्सा सेवा के प्रति अपने सम्मान और आभार को व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों ने कहा कि डॉक्टर धरती पर भगवान का स्वरूप होते हैं। वे अपने ज्ञान, अनुभव और अथक सेवा भाव से असंख्य लोगों का जीवन बचाने का कार्य करते हैं। मरीजों को नया जीवन और नई उम्मीद देने में चिकित्सकों की भूमिका अतुलनीय है। सभी ने उपस्थित चिकित्सकों को डॉक्टर दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

इस अवसर पर ग्लोबल हॉस्पिटल के चेयरमैन एवं गंभीर रोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद राठौर ने सभी चिकित्सकों और अस्पताल परिवार को डॉक्टर दिवस की शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की निस्वार्थ सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने कहा कि मरीजों की मुस्कान और स्वस्थ जीवन ही किसी भी चिकित्सक के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार होता है। उन्होंने अस्पताल के सभी डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि टीमवर्क, समर्पण और सेवा भावना के बल पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ समाज तक पहुँचाई जा सकती हैं।

कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं और समाज को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर डॉ. किरण गंगवार, डॉ. अजर खान, डॉ. हेमेंद्र गंगवार, डॉ. रिजवान, डॉ. एसल चौधरी, रंजीत, पंकज गंगवार, फिजा, सोहन सिंह, शिवम शर्मा, रोहित, शिवम चौहान, शीतल, सुमन, नूरी सहित ग्लोबल हॉस्पिटल के अनेक चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *